महासमुंद में जनगणना की तैयारी तेज, 16 अप्रैल से स्व-गणना शुरू

महासमुंद | स्वाभिमान न्यूज़

जिले में भारत की जनगणना को लेकर तैयारियां निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी हैं। नागरिकों को सुविधा देने के उद्देश्य से स्व-गणना की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। गुरुवार 16 अप्रैल से जिले में स्व-गणना की शुरुआत हो गई है, जिसके तहत नागरिक स्वयं ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं।




कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने स्वयं पोर्टल के माध्यम से अपना स्व-गणना फॉर्म भरकर इसकी शुरुआत की। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा नागरिकों के लिए यह प्रक्रिया सरल और सहज बनाई गई है, जिससे लोग घर बैठे अपनी जानकारी भर सकें। एक मोबाइल नंबर से केवल एक ही फॉर्म भरा जा सकेगा। यह सुविधा प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक उपलब्ध रहेगी।


उन्होंने बताया कि स्व-गणना पूर्ण करने पर एक यूनिक आईडी प्राप्त होगी, जिसे प्रगणक के घर आने पर दिखाना होगा। यदि कोई नागरिक स्व-गणना नहीं कर पाता है, तो 1 मई से 30 मई के बीच प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह पूरी प्रक्रिया सुरक्षित और गोपनीय है।


प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू

जनगणना कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए 15 अप्रैल से प्रगणकों और सुपरवाइजरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू किया गया है। यह प्रशिक्षण तीन चरणों में पूर्ण किया जाएगा।


सही जानकारी देने की अपील

कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे प्रगणकों को बिना झिझक सही और पूर्ण जानकारी दें। उन्होंने आश्वस्त किया कि दी गई सभी जानकारी गोपनीय रहेगी और इसे किसी भी प्रकार के साक्ष्य के रूप में उपयोग नहीं किया जाएगा। जनगणना के आंकड़े विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, संसाधनों के वितरण और निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन के लिए महत्वपूर्ण आधार होते हैं।


पहले चरण में मकान सूचीकरण

जनगणना दो चरणों में संपन्न होगी। प्रथम चरण के तहत 1 मई से 30 मई 2026 तक मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना (एचएलओ) का कार्य किया जाएगा। इस दौरान प्रगणक “Census 2027-HLO” मोबाइल एप के माध्यम से घर-घर जाकर डिजिटल डाटा संग्रह करेंगे और स्व-गणना के तहत भरी गई जानकारी का सत्यापन भी करेंगे।


प्राप्त आंकड़ों की बहुस्तरीय जांच की जाएगी, जिसमें पर्यवेक्षक और चार्ज अधिकारी भी शामिल रहेंगे। इसके माध्यम से त्रुटियों का सुधार सुनिश्चित किया जाएगा।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !