स्वाभिमान न्यूज़ | ललित मुखर्जी
पिथौरा। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी के बीच अवैध धान तस्करी और कालाबाजारी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। धान कोचियों द्वारा रात के अंधेरे में धान की तस्करी की जा रही है और अब यह अवैध कारोबार हिंसक रूप भी लेने लगा है। ताजा मामले में देशी कट्टे से फायरिंग की घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
घटना 26 दिसंबर की रात लगभग 11 बजे की बताई जा रही है। महासमुंद जिले के बसना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दलदली मार्ग में अवैध धान परिवहन के दौरान आपसी विवाद हो गया। विवाद के बाद गाली-गलौज शुरू हुई और आरोप है कि क्षेत्र के एक जिला पंचायत सदस्य के बेटे ने देशी कट्टा निकालकर फायरिंग कर दी। फायरिंग में राजेश नामक युवक के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिससे वह लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद रात में ही आपसी समझौता कर मामले को रफा-दफा कर दिया गया। घायल युवक को पहले भंवरपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे रायपुर के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल युवक का इलाज रायपुर में जारी है।
सूत्रों के अनुसार इस पूरे मामले में चंदन नामक एक धान तस्कर की अहम भूमिका बताई जा रही है, जिसके कारण यह विवाद और गोलीकांड हुआ। घटना के बाद से यह मामला जिलेभर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
आमजन चौक-चौराहों पर यह सवाल उठा रहे हैं कि देशी कट्टे से गोली चलने और युवक के गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद अब तक यह मामला दबा क्यों हुआ है। प्रशासन और पुलिस की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं। अब देखना होगा कि इस गंभीर घटना पर जिम्मेदार विभाग कब और क्या कार्रवाई करते हैं।

