काशीचुआ में आदिवासी जमीन की खरीद-फरोख्त में भू-माफिया सक्रिय

स्वाभिमान न्यूज़ | आंजनेय पांडेय, कैफ खान

रायगढ़। जिला रायगढ़ के ग्राम पंचायत काशीचुआ (तहसील व जिला रायगढ़) में राष्ट्रीय राजमार्ग NH-49 के निर्माण के बाद से क्षेत्र में भू-माफियाओं की सक्रियता तेजी से बढ़ गई है। आरोप है कि भू-माफिया आदिवासियों की कृषि भूमि को नियमों को दरकिनार करते हुए दूसरे आदिवासियों के नाम पर स्टाम्प में सस्ते दामों पर खरीद रहे हैं और बाद में गोदनामा, लीज जैसे अधिकारों का दुरुपयोग कर जमीन पर कब्जा कर अवैध व्यापार व निर्माण कार्य कर रहे हैं।




मामले में जानकारी सामने आई है कि रिलेश साहू पिता नारायण साहू, निवासी अमलिडीह, ग्राम पण्डरीपानी, जिला रायगढ़ द्वारा ग्राम काशीचुआ निवासी गंगाधर राठिया की कृषि भूमि को गणेशी राठिया के नाम से खरीदा गया। इसके बाद बिना ग्राम पंचायत की अनुमति के उक्त भूमि पर मिट्टी का पावन (भराव) कर व्यापार/उद्योग हेतु निर्माण कार्य कराया जा रहा है। संबंधित व्यक्ति द्वारा यह कहकर स्टाम्प दिखाया जा रहा है कि भूमि को 50 वर्ष की लीज (पुरुले) पर लिया गया है।


स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि जिस व्यक्ति के नाम पर भूमि खरीदी गई है, उसकी आर्थिक स्थिति इतनी सक्षम नहीं है कि वह स्वयं इस प्रकार की जमीन खरीद सके या उस पर निर्माण कार्य करा सके। बताया गया है कि संबंधित व्यक्ति बीपीएल श्रेणी के अंतर्गत जीवन यापन कर रहा है, न तो वह पेंशनभोगी है, न व्यापारी, न ही मंडी में धान विक्रय करता है और न ही आय का कोई अन्य ज्ञात स्रोत है। ऐसे में जमीन खरीद और निर्माण कार्य को लेकर संदेह और गहरा गया है।




ग्रामीणों ने पूरे मामले को गंभीर बताते हुए जिला प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में कलेक्टर रायगढ़ से शिकायत भी की गई है, जिसमें आदिवासी भूमि संरक्षण कानूनों के उल्लंघन की जांच कर दोषियों पर कठोर कदम उठाने की मांग की गई है।


अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में कब तक जांच पूरी कर कार्रवाई करता है, क्योंकि यदि समय रहते रोक नहीं लगी तो आदिवासी अंचलों में भू-माफियाओं का यह जाल और अधिक फैल सकता है।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !