स्वाभिमान न्यूज़ | ललित मुखर्जी
महासमुंद । छत्तीसगढ़ शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना (वर्ष 2025-26) के अंतर्गत महासमुंद जिले को सड़क और पुल निर्माण की महत्वपूर्ण सौगात मिली है। इस योजना के तहत जिले में 10 सी.सी. सड़क सह नाली निर्माण, 2 वृहद पुल निर्माण एवं 1 सड़क नवीनीकरण कार्य का ग्राम बिरकोनी में विधिवत भूमिपूजन किया गया।
इस विकास कार्यों का भूमिपूजन महासमुंद लोकसभा सांसद श्रीमती रूप कुमारी चौधरी, महासमुंद विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा एवं सरायपाली विधायक श्रीमती चातुरी नंद के करकमलों से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
योजना के अंतर्गत कुल 2.971 किलोमीटर लंबाई की 10 सी.सी. सड़क सह नाली निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें ग्राम चारभाठा (स्कूल से महादेव घर तक एवं मंच से मुख्य मार्ग की ओर), ग्राम गोहेरापाली (हॉस्पिटल से टिकेश लाल के घर तक), ग्राम भुथिया (कांजी हाउस से जोगेश्वर प्रधान के घर तक) सहित ग्राम जोगनीपाली, धुमाभाठा, अरेकेल, पेण्ड्रावन, छुईहा एवं बिरकोनी में सड़क एवं नाली निर्माण कार्य शामिल हैं।
इसी क्रम में जिले में दो उच्च स्तरीय वृहद पुलों का निर्माण किया जाएगा। इनमें ग्राम केरामुंडा से पथरी मार्ग के आर.डी. 2750 मीटर पर 63.57 मीटर लंबाई का पुल तथा ग्राम धवराभाठा से कुरूभाथा मार्ग के आर.डी. 2390 मीटर पर 121.46 मीटर लंबाई का उच्च स्तरीय वृहद पुल शामिल है, जिससे वर्षभर सुरक्षित आवागमन संभव होगा।
इसके अलावा ग्राम बकमा से कसेकेरा मार्ग का 13.52 किलोमीटर लंबाई में बीटी सड़क नवीनीकरण किया जाएगा। इस कार्य पर ₹282.42 लाख की लागत आएगी, जिससे क्षेत्रीय आवागमन और ग्रामीण संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्रीमती रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि सड़कें विकास की रीढ़ होती हैं। सड़क और पुल निर्माण से गांवों का सीधा जुड़ाव बाजार, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं से होता है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है।
विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा एवं चातुरी नंद ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में स्वीकृत कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि शासन की यह योजना ग्रामीण अंचलों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत बिरकोनी के सरपंच, स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यपालन अभियंता श्री आशीष कुलदीप सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

