स्वाभिमान न्यूज़ | आंजनेय पांडेय, कैफ खान
रायगढ़। पुलिस चौकी जोबी क्षेत्र में मामूली घरेलू विवाद उस समय हिंसक हो गया, जब एक युवक ने अपने ही दोस्त पर टंगिया से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी एएसआई लक्ष्मी राठौर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर गैर-जमानतीय धाराओं में न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पीड़ित सतीश कुमार राठिया (25 वर्ष), निवासी जोबी ने 15 दिसंबर को चौकी जोबी में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि उसकी पत्नी मायके गई हुई है, जिसके चलते वह अपने मित्र राम गोपाल यादव के घर पर साथ रहकर भोजन बनाता था। 13 दिसंबर की रात मछली की सब्जी बनाने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसी दौरान सहयोग न करने की बात कहने पर आरोपी राम गोपाल यादव गाली-गलौज करने लगा और पास में रखे टंगिया से सतीश पर हमला कर दिया।
हमले में सतीश के दाहिने पैर में गंभीर चोट आई। चिकित्सकीय परीक्षण में पैर की हड्डी में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है। मामले में थाना खरसिया में अपराध क्रमांक 628/2025 के तहत धारा 296, 351(2), 115(2) भारतीय न्याय संहिता में अपराध दर्ज किया गया, जिसे गंभीर चोट पाए जाने पर धारा 118(2) से और बढ़ाया गया।
पुलिस ने आरोपी राम गोपाल यादव (20 वर्ष), पिता फिर सिंह, निवासी जोबी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त टंगिया को जब्त किया। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल दशरथ लाल सिदार सहित पुलिस स्टाफ की अहम भूमिका रही।

