महासमुंद | स्वाभिमान न्यूज़
मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना बसना पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान इनोवा कार क्रमांक MH 04 GM 8841 से 132 किलो गांजा बरामद किया। मामले में दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक संदिग्ध इनोवा कार गांजा लेकर छत्तीसगढ़ की सीमा में प्रवेश कर रही है। सूचना के आधार पर बसना पुलिस और एएनटीएफ की टीम ने नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन की निगरानी शुरू की। कुछ देर बाद ओडिशा की ओर से आ रही इनोवा को घेराबंदी कर रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन से 132 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा के तुमुड़ीबंध, जिला कंधमाल से लाकर महाराष्ट्र के पुणे ले जाने की जानकारी दी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गणेश बाजे (42) निवासी पिपलवंडी, थाना अनेपारा, जिला पुणे और विपुल भालेराव (36) निवासी कलंब, तालुका आंबेगांव, जिला पुणे, महाराष्ट्र के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई में 66 लाख रुपए कीमत का 132 किलो गांजा, करीब 15 लाख रुपए कीमत की इनोवा कार और 20 हजार रुपए के दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 81 लाख 20 हजार रुपए बताई गई है।

