कृषि विश्वविद्यालय पेपर लीक मामले में दोषियों पर कार्रवाई की मांग

स्वाभिमान न्यूज़ | पिथौरा

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर में बीएससी कृषि द्वितीय वर्ष के कीट शास्त्र विषय का पेपर लीक होने का मामला सामने आने के बाद कांग्रेस नेता अजय नंद ने इस मामले में दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।




छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश समन्वयक और वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय नंद ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं से सबसे ज्यादा नुकसान उन छात्रों को होता है, जो मेहनत करके परीक्षा की तैयारी करते हैं। उन्होंने कहा कि पेपर लीक के पीछे जो भी लोग हैं, चाहे वे कितने भी बड़े पद पर क्यों न हों, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।


अजय नंद ने कहा कि प्रदेश में लगातार अलग-अलग परीक्षाओं में पेपर लीक और गड़बड़ी की बातें सामने आ रही हैं। इससे विद्यार्थियों में परेशानी और परीक्षा व्यवस्था को लेकर भरोसा कम हो रहा है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक करने वाले गिरोह पर लगाम लगाना जरूरी है, ताकि मेहनती विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ न हो।


उन्होंने नीट परीक्षा का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां हुई गड़बड़ियों के कारण विद्यार्थियों को दोबारा परीक्षा जैसी स्थिति का सामना करना पड़ा। इससे छात्रों और उनके परिवारों को काफी परेशानी हुई।


अजय नंद ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि कृषि विश्वविद्यालय के पेपर लीक मामले की पूरी जांच कराई जाए और पेपर लीक करने वाले मुख्य आरोपी सहित सभी जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि छात्रों का भविष्य सुरक्षित रखना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !