पुलिस को मिली हाईटेक गाड़ियों की सौगात, 19 नई गाड़ियां पहुंचीं महासमुंद

महासमुंद | स्वाभिमान न्यूज़ 

जिले की पुलिस व्यवस्था अब पहले से अधिक हाईटेक और मजबूत होने जा रही है। महासमुंद पुलिस को डायल 112 सेवा और हाईवे पेट्रोलिंग के लिए कुल 19 नई गाड़ियां मिली हैं। इनमें 15 वाहन डायल 112 सेवा के लिए तथा 4 वाहन हाईवे पेट्रोलिंग के लिए शामिल हैं। पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर इन वाहनों को रवाना किया।



नई गाड़ियों के शामिल होने से जिले में आपातकालीन सहायता और पुलिस रिस्पॉन्स सिस्टम को और अधिक गति मिलेगी। पुलिस विभाग के अनुसार इन वाहनों के माध्यम से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी, वहीं हाईवे पर निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था भी बेहतर होगी।


वाहनों के बेड़े में बोलेरो नियो प्लस, बोलेरो नियो, बोलेरो एवं हाईवे पेट्रोलिंग के लिए स्कॉर्पियो वाहन शामिल हैं। आधुनिक तकनीक और सुविधाओं से लैस ये वाहन पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएंगे।




विशेष आकर्षण कोतवाली महासमुंद के लिए आई अत्याधुनिक PTZ टॉप माउंटेड कैमरा युक्त गाड़ी रही। इस कैमरे की सहायता से जिला मुख्यालय के प्रमुख क्षेत्रों की निगरानी अब और प्रभावी ढंग से की जा सकेगी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कैमरा दूर तक घूमकर निगरानी करने में सक्षम है, जिससे शहर की सुरक्षा व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।




कार्यक्रम में विधायक, कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि नई गाड़ियों के शामिल होने से कानून व्यवस्था बनाए रखने और जनता को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने में काफी मदद मिलेगी।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !