महासमुंद जिले में बंद रहे मेडिकल स्टोर्स, प्रधानमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

महासमुंद | स्वाभिमान न्यूज़

अखिल भारतीय दवा विक्रेता संगठन के आह्वान पर महासमुंद जिले में बुधवार को मेडिकल स्टोर्स बंद रहे। जिलेभर के केमिस्ट और दवा व्यापारियों ने ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। बंद के चलते शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकांश मेडिकल स्टोर्स पूरे दिन बंद रहे।




दवा व्यापारियों ने प्रधानमंत्री Narendra Modi के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर अवैध ऑनलाइन दवा बिक्री पर रोक लगाने की मांग की। व्यापारियों ने ज्ञापन में फर्जी ई-प्रिस्क्रिप्शन, बिना वैधानिक प्रावधान के ऑनलाइन दवा वितरण तथा भारी डिस्काउंट नीति को मरीजों और छोटे व्यापारियों के लिए नुकसानदायक बताया।


जिला केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट्स एसोसियेशन के पदाधिकारियों ने कहा कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म नियमों का पालन किए बिना दवाइयों की बिक्री कर रहे हैं, जिससे मरीजों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। उनका कहना है कि कई बार बिना डॉक्टर की वैध पर्ची के भी दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं, जो स्वास्थ्य के लिए जोखिमपूर्ण है।


व्यापारियों ने यह भी कहा कि ऑनलाइन कंपनियों द्वारा भारी छूट और होम डिलीवरी की सुविधा देने से छोटे मेडिकल स्टोर संचालकों का व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। इससे पारंपरिक दवा व्यापार पर संकट गहराता जा रहा है।


हड़ताल के दौरान दवा व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। इस दौरान जिला केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट्स एसोसियेशन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में दवा व्यापारी मौजूद रहे।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !