पिथौरा | स्वाभिमान न्यूज़
अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज बहुचर्चित प्रकरण में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज आम आदमी पार्टी ने 25 मई को पिथौरा थाना घेराव करने का ऐलान किया है। पार्टी ने आरोप लगाया है कि राजनीतिक दबाव के चलते पुलिस कार्रवाई में देरी कर रही है, जिससे पीड़ित आदिवासी परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर है।
गौरतलब है कि ग्राम डोंगरीपाली निवासी आदिवासी परिवार की शिकायत पर 6 मई को भाजपा नेता दुलीकेशन साहू एवं उनकी पत्नी किरण साहू के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी। मामले में जातिसूचक गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और धान फसल जप्त कराने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। हालांकि एफआईआर दर्ज होने के कई दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है।
इसी मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी ने आंदोलन की घोषणा की है। जानकारी के अनुसार पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष, जिला पदाधिकारियों एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के नेताओं की ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई, जिसमें आंदोलन की रणनीति तैयार की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि पुलिस प्रशासन जल्द कार्रवाई नहीं करता है तो पिथौरा थाना का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा।
पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि एक ओर सामान्य मामलों में पुलिस त्वरित कार्रवाई करती है, वहीं एससी-एसटी एक्ट जैसे गंभीर मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होना कई सवाल खड़े करता है। नेताओं ने कहा कि पीड़ित परिवार लगातार न्याय की गुहार लगा रहा है, लेकिन प्रशासन केवल आश्वासन दे रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार प्रदेशभर से आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता, पदाधिकारी और समर्थक इस आंदोलन में शामिल होने पिथौरा पहुंचेंगे। थाना घेराव कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में व्यापक तैयारी देखी जा रही है। पार्टी ने इसे आदिवासी समाज के सम्मान और न्याय की लड़ाई बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से शामिल होने की अपील की है।


