नागपुर से उड़ीसा तक ट्रेन और बस सफर कर गांजा तस्करी, महासमुंद पुलिस ने दो तस्करों को दबोचा

महासमुंद | स्वाभिमान न्यूज़

जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महासमुंद पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने उड़ीसा से नागपुर ले जाए जा रहे 6.360 किलो गांजा के साथ महाराष्ट्र के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से गांजा और दो मोबाइल फोन समेत कुल 3 लाख 38 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।




पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सिंघोड़ा पुलिस को सूचना मिली थी कि एक महिला और एक पुरुष मुरमुरी चौक पर दो पिट्ठू बैग में गांजा रखकर बस का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ा।


पूछताछ में आरोपी पुरुष ने अपना नाम पराग ध्रुव (26 वर्ष) निवासी शांतिनगर, नागपुर तथा महिला ने अपना नाम सायली मसराम (33 वर्ष) निवासी पंचपावली, नागपुर बताया। तलाशी लेने पर दोनों के बैग से 6.360 किलो अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे गांजा को जिला बलांगीर (उड़ीसा) से नागपुर (महाराष्ट्र) ले जा रहे थे।


पुलिस ने आरोपियों से 3 लाख 18 हजार रुपये कीमत का गांजा तथा 20 हजार रुपये कीमत के दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिंघोड़ा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(दो)(बी) के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।


लगातार कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप

महासमुंद पुलिस द्वारा गांजा तस्करी रोकने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार पिछले चार महीनों में जिले में 95 प्रकरण दर्ज कर 6431.571 किलो गांजा जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 32 करोड़ 73 लाख 5 हजार 450 रुपये बताई गई है।


जनवरी 2026 से अब तक गांजा तस्करी के मामलों में कुल 240 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है, जिनमें 56 आरोपी छत्तीसगढ़ तथा 184 आरोपी अन्य राज्यों के निवासी हैं।


तस्करों के नए-नए पैतरों को पुलिस ने किया फेल

पुलिस के मुताबिक गांजा तस्कर आए दिन नए-नए तरीके अपनाकर तस्करी करने की कोशिश कर रहे हैं। एम्बुलेंस, मूवर्स एंड पैकर्स, फल और खाद्य सामग्री से भरे भारी वाहनों, कपड़ा फेरीवालों तथा छोटे वाहनों में गुप्त चैंबर बनाकर गांजा परिवहन करने जैसे कई मामलों का खुलासा किया जा चुका है।


महासमुंद पुलिस ने चार स्थायी चेक पोस्ट के साथ संभावित कच्चे मार्गों पर भी चेकिंग प्वाइंट सक्रिय किए हैं। पुलिस की तकनीकी निगरानी, सूचना तंत्र और समन्वित कार्रवाई के चलते लगातार तस्करों पर शिकंजा कसा जा रहा है।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !