सप्लाई लाइन ध्वस्त: सोर्स से डेस्टिनेशन तक महासमुंद पुलिस का प्रहार, 20 किलो गांजा मामले में नागपुर से आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद | स्वाभिमान न्यूज़

जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना खल्लारी पुलिस एवं एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स ने 20 किलो गांजा तस्करी मामले में डेस्टिनेशन प्वाइंट के आरोपी को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस मामले में अब तक सोर्स प्वाइंट, परिवहनकर्ता और खरीदार सहित चार अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है।




पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना खल्लारी में दर्ज अपराध क्रमांक 36/2026 धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत 28 मार्च 2026 को बोलेरो एम्बुलेंस वाहन क्रमांक MH 49 C 0133 से 20 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया था। जब्त गांजा की कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई गई थी। मामले में परिवहनकर्ता सलमान खान और शिराज पठान को मौके से गिरफ्तार किया गया था।


पूछताछ और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस को गांजा तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों की जानकारी मिली। जांच में सामने आया कि गांजा ओडिशा से लाया गया था और नागपुर में सप्लाई किया जाना था। इसके बाद पुलिस टीम ने ओडिशा के संबलपुर क्षेत्र से गांजा उपलब्ध कराने वाले आरोपी सुशांता मुखी को 16 मई 2026 को गिरफ्तार किया।


वहीं लगातार मॉनिटरिंग और विशेष टीम की कार्रवाई के बाद नागपुर निवासी मोहम्मद कदिर जुम्मन शाह को 21 मई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। पुलिस के अनुसार आरोपी नागपुर में गांजा खपाने का कार्य करता था।


पुलिस ने बताया कि मामले में परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो एम्बुलेंस सहित कुल 15 लाख 16 हजार 800 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। महासमुंद पुलिस द्वारा की गई इस एंड-टू-एंड कार्रवाई को अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क पर बड़ी चोट माना जा रहा है।


गिरफ्तार आरोपी

1. मोहम्मद कदिर जुम्मन शाह, निवासी मोमिनपुरा बोरियापुरा, नागपुर (महाराष्ट्र)

2. सलमान खान, निवासी मोमिनपुरा, नागपुर (महाराष्ट्र)

3. शिराज पठान, निवासी अंसार नगर, नागपुर (महाराष्ट्र)

4. सुशांता मुखी, निवासी ग्राम बिचिका, जिला बौद्ध (ओडिशा) 

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !