महासमुंद | स्वाभिमान न्यूज़
जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महासमुंद पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना कोमाखान पुलिस ने टेमरी जांच नाका पर नाकेबंदी के दौरान ओडिशा और उत्तरप्रदेश के दो अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 24 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजा की कीमत लगभग 12 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स को अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी, परिवहन और बिक्री के खिलाफ लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में थाना कोमाखान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा से एक सिल्वर रंग की आर्टिगा कार क्रमांक CG 06 GQ 7733 में दो व्यक्ति अवैध गांजा लेकर छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे हैं।
सूचना के आधार पर टेमरी जांच नाका पर सघन चेकिंग शुरू की गई। इसी दौरान संदिग्ध आर्टिगा कार को रोककर तलाशी ली गई। पुलिस ने कार की डिक्की से 24 किलो अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा को ओडिशा के बालीगुड़ा, जिला कालाहांडी से खरीदकर उत्तरप्रदेश के मौदहा में बिक्री करने ले जा रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना कोमाखान में अपराध क्रमांक 76/2026 धारा 20(b)(ii)(c) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।
गिरफ्तार आरोपी
1. प्रेमलाल विभार, उम्र 21 वर्ष, निवासी हाथीसरा थाना कोमना, जिला नुआपाड़ा (ओडिशा)
2. ज्ञानसिंह कश्यप, उम्र 19 वर्ष, निवासी साजन तालाब चुंगी चौकी कस्बा मौदहा, जिला हमीरपुर (उत्तरप्रदेश)
जब्त संपत्ति
24 किलो अवैध गांजा कीमत लगभग 12 लाख रुपये
एक आर्टिगा कार कीमत लगभग 6 लाख रुपये
2 मोबाइल फोन कीमत लगभग 15 हजार रुपये
पुलिस ने कुल 18 लाख 15 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
महासमुंद पुलिस के अनुसार पिछले चार महीनों में जिले में एनडीपीएस एक्ट के तहत 94 प्रकरण दर्ज कर कुल 6425.251 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है। इस दौरान 238 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 56 आरोपी छत्तीसगढ़ तथा 182 अन्य राज्यों के निवासी हैं।

