महासमुंद | स्वाभिमान न्यूज़
जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और कोमाखान पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग प्रकरणों में 47 किलो 190 ग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की कीमत 23 लाख 59 हजार 500 रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक कार चालक और उसका साथी फरार हो गए।
पुलिस ने गांजा तस्करी में प्रयुक्त एक मारुति डिजायर कार, दो मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन सहित कुल 32 लाख 45 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की है। पुलिस के अनुसार आरोपी उड़ीसा के पटनागढ़, जिला बलांगीर से गांजा खरीदकर महासमुंद, बागबाहरा और रायपुर क्षेत्र में पुड़िया बनाकर खपाने की योजना बना रहे थे।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार गांजा तस्कर अब कम मात्रा में और कच्चे रास्तों का उपयोग कर तस्करी करने का नया तरीका अपना रहे हैं, लेकिन पुलिस की सतर्कता और लगातार चेकिंग अभियान के चलते उनके मंसूबे नाकाम हो रहे हैं।
पहले प्रकरण में 10 किलो गांजा जब्त
कोमाखान पुलिस ने लाल-काले रंग की मोटरसाइकिल से आ रहे एक युवक को रोककर तलाशी ली। आरोपी की पहचान राजकुमार उर्फ राजू देवांगन निवासी साल्हेभाठा के रूप में हुई। उसके पास से 10 किलो 190 ग्राम गांजा बरामद किया गया। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह गांजा उड़ीसा से खरीदकर बागबाहरा क्षेत्र में बिक्री के लिए ला रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
दूसरे प्रकरण में उड़ीसा निवासी तस्कर गिरफ्तार
ग्राम कसेकेरा गौठान के पास पुलिस ने एक बजाज पल्सर मोटरसाइकिल सवार युवक को पकड़ा। आरोपी सुशांत बाग निवासी नेहेनाबंद, जिला बलांगीर (उड़ीसा) के कब्जे से 7 किलो गांजा बरामद हुआ। आरोपी रायपुर में ग्राहक तलाश कर गांजा बेचने जा रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
तीसरे प्रकरण में कार छोड़कर भागे तस्कर
एक सफेद रंग की मारुति डिजायर कार को रोकने का प्रयास किया गया तो चालक वाहन को तेज गति से भगाते हुए कोमाखान रेलवे क्रॉसिंग के पास निर्माणाधीन अंडरब्रिज के निकट कार छोड़कर फरार हो गया। कार की तलाशी लेने पर डिक्की से 30 किलो गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने फरार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस विभाग के अनुसार पिछले चार महीनों में जिले में 93 प्रकरणों में कुल 6401.251 किलो गांजा जब्त किया गया है तथा 236 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें 56 आरोपी छत्तीसगढ़ और 180 अन्य राज्यों के निवासी हैं। पुलिस ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

