महासमुंद | स्वाभिमान न्यूज़
सुशासन तिहार के अंतर्गत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय गुरुवार को महासमुंद जिले के बागबाहरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम कमरौद पहुंचे। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में उतरा, जहां जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री के साथ प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह एवं विशेष सचिव रजत बंसल भी मौजूद रहे।
हेलीपेड पर सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, विधायक येतराम साहू, पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष मोगरा पटेल, उपाध्यक्ष भीखम ठाकुर, अलका चंद्राकर सहित कलेक्टर विनय कुमार लंगेह एवं पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
ग्राम पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने मां दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद बरगद के पेड़ के नीचे खाट पर बैठकर ग्रामीणों के साथ आत्मीय चौपाल लगाई। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से पूछा कि उन्हें राशन, बिजली, प्रधानमंत्री आवास और महतारी वंदन योजना का लाभ नियमित रूप से मिल रहा है या नहीं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब तक 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं तथा लगातार गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बिजली बिल समाधान योजना की जानकारी देते हुए कहा कि पात्र हितग्राहियों को विभाग में पंजीयन कराना होगा।
चौपाल के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से योजनाओं के अनुभव भी साझा कराए। ग्राम की लता सहिस ने बताया कि उन्हें पक्का मकान, महतारी वंदन योजना और गैस सिलेंडर का लाभ मिला है। वहीं परी साहू ने बताया कि वह बिहान योजना से जुड़कर “लखपति दीदी” बनी हैं और फैंसी व किराना दुकान संचालित कर रही हैं।
ग्रामीण मधु साहू ने मछली पालन के लिए पानी की समस्या बताई, जिस पर मुख्यमंत्री ने सोलर बोर सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही। मोहन कुलदीप ने बताया कि उन्होंने दिसंबर 2025 में सोलर पैनल लगवाया, जिससे पहले आने वाला 3500 रुपये का बिजली बिल अब शून्य हो गया है तथा उन्हें 1.08 लाख रुपये की सब्सिडी मिली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जल्द ही ऑनलाइन शिकायत समाधान प्रणाली और टोल फ्री नंबर शुरू करने जा रही है, जिससे लोग घर बैठे अपनी समस्याओं का समाधान करा सकेंगे। उन्होंने बताया कि पंचायत स्तर पर अटल डिजिटल सेवा केंद्रों के माध्यम से सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और प्रदेश में लगभग 6000 केंद्र खोले जा चुके हैं।
किसानों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि खाद संकट को देखते हुए नैनो यूरिया के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के प्रयास जारी हैं।
महिलाओं के लिये भवन, मुक्ति धाम और 4 किमी सड़क निर्माण की घोषणा
इस दौरान ग्रामीणों ने कमरौद से चरोदा मार्ग निर्माण, मुक्ति धाम, सीसी रोड, तालाब सौंदर्यीकरण एवं महिला समूहों के लिए भवन निर्माण की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने महिलाओं के लिए सर्वसुविधायुक्त भवन, कमरौद से चरोदा तक 4 किलोमीटर सड़क निर्माण तथा मुक्ति धाम निर्माण की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने सिंचाई सुविधाओं के विस्तार पर जोर देते हुए कहा कि सिरपुर बैराज और सीकासेर से कोडार परियोजना जिले के लिए जीवनदायिनी साबित होगी। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पांचवीं कक्षा के छात्र पूर्वांश साहू के साथ सेल्फी ली और तीन दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल भी वितरित की।





