SC/ST एक्ट के आरोपी भाजपा नेता की गिरफ्तारी नहीं, कल होगा पिथौरा थाना घेराव

पिथौरा | स्वाभिमान न्यूज़

आम आदमी पार्टी ने ग्राम टेका पारा सुंदरगढ़ निवासी एक आदिवासी परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर 25 मई को पिथौरा थाना घेराव करने की चेतावनी दी है। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेंद्र चंद्राकर ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर आरोप लगाया कि मामले में आरोपियों को पुलिस संरक्षण दिया जा रहा है और अब तक गिरफ्तारी नहीं होने से पीड़ित परिवार भय एवं मानसिक तनाव में जीवन यापन कर रहा है।



गौरतलब है कि ग्राम टेका निवासी मनबोध कोडाकु एवं उनके परिवार के साथ भाजपा नेता दुलीकेशन साहू द्वारा कथित रूप से जातिसूचक गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी एवं अन्य गंभीर कृत्य किए गए थे। मामले में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए आम आदमी पार्टी लगातार पीड़ित परिवार का साथ दे रही है।


श्री चंद्राकर ने कहा कि पार्टी द्वारा पूर्व में पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव भी किया गया था और पीड़ित परिवार के साथ हर कदम पर खड़े रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि करीब छह माह तक मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि दुलीकेशन साहू भाजपा के प्रभावशाली नेता एवं पूर्व सांसद प्रतिनिधि रह चुके हैं तथा उनकी पत्नी किरण साहू वर्तमान में सरपंच हैं। आरोप है कि जब पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री निवास घेराव की अनुमति मांगी तो महासमुंद एएसपी एवं अजाक थाना द्वारा कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें रोक दिया गया। और मुख्यमंत्री निवास के सामने आत्मदाह की चेतावनी के बाद लगभग छह माह पश्चात पिथौरा थाना में पति-पत्नी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई, जिसमें एससी/एसटी एक्ट की धाराएं भी शामिल हैं। हालांकि एफआईआर दर्ज होने के 17 दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर पार्टी ने नाराजगी जताई है। 




 आम आदमी पार्टी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर आरोप लगाया गया है कि आरोपी खुलेआम गाँव और शहर में घूम रहे हैं और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर चुनौतीपूर्ण टिप्पणियां कर रहे हैं, जबकि पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है। पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि मामले में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का संरक्षण आरोपियों को प्राप्त है तथा पीड़ित परिवार पर समझौते का दबाव बनाया जा रहा है।


आम आदमी पार्टी ने कहा कि न्यायिक प्रक्रिया का सम्मान करते हुए भी किसी राजनीतिक दबाव में अपराधियों को बचाने का प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई तो 25 मई को आदिवासी समाज एवं पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ पिथौरा थाना का घेराव किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !