ललित मुखर्जी | स्वाभिमान न्यूज़
पिथौरा। विकासखण्ड के आरंगी कृषि साख सहकारी समिति अंतर्गत संचालित धान खरीदी केंद्रों में सामने आए 2 करोड़ 28 लाख रुपये से अधिक के धान घोटाले मामले में आखिरकार नरसैयापल्लम केंद्र में भी पुलिस ने कार्रवाई कर दी है। स्वाभिमान न्यूज़ द्वारा प्रमुखता से खबर प्रकाशित किए जाने के बाद बसना पुलिस ने नरसैयापल्लम खरीदी केंद्र के प्रबंधक महेंद्र प्रधान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(5) के तहत एफआईआर दर्ज कर लिया है।
गौरतलब है कि इससे पहले केवल बम्हनी उपार्जन केंद्र के खरीदी प्रभारी गंगाधर जगत के खिलाफ 3742 क्विंटल धान घोटाले मामले में एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई थी। जबकि नरसैयापल्लम केंद्र में 3642.72 क्विंटल धान गबन एवं 1 करोड़ 12 लाख 92 हजार 432 रुपये के कथित घोटाले के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं होने से सवाल उठ रहे थे।
पिरदा शाखा प्रबंधक उषत प्रधान द्वारा 26 मई को ही दोनों मामलों में बसना थाना में लिखित आवेदन देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई थी। लेकिन पुलिस ने प्रारंभ में केवल बम्हनी मामले में कार्रवाई की थी। इसके बाद नरसैयापल्लम मामले को लेकर क्षेत्र में लगातार चर्चाएं तेज हो रही थीं।
अब मामले में महेंद्र प्रधान के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज होने के बाद प्रशासनिक एवं पुलिस कार्रवाई पर उठ रहे सवालों को कुछ हद तक विराम मिला है। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये के इस घोटाले में केवल खरीदी प्रभारी या प्रबंधक ही नहीं, बल्कि प्राधिकृत, कम्प्यूटर ऑपरेटर, बारदाना प्रभारी तथा अन्य जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच कर एफआईआर दर्ज होनी चाहिए।
वहीं खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में धान खरीदी व्यवस्था की निगरानी के लिए नियुक्त नोडल अधिकारी की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि जब पूरी खरीदी प्रक्रिया प्रशासनिक निगरानी में संचालित हो रही थी, तब इतनी बड़ी अनियमितता कैसे हुई, इसकी गहन जांच आवश्यक है।
उल्लेखनीय है कि बम्हनी और नरसैयापल्लम दोनों ही धान खरीदी केंद्र आरंगी सोसायटी के अंतर्गत संचालित होते हैं। दोनों मामलों को मिलाकर अब तक 2 करोड़ 28 लाख 92 हजार 632 रुपये के गबन का मामला सामने आ चुका है।
बम्हनी और नरसैयापल्लम दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज हो चुकी है। नरसैयापल्लम मामले में आज एफआईआर दर्ज की गई है।
— शरद दुबे, थाना प्रभारी बसना

.jpg)