एक्शन में फूड सेफ्टी विभाग: कोरिया में फल दुकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी, 108 किलो फल और 6 दर्जन केले कराए गए नष्ट

बैकुंठपुर/कोरिया | स्वाभिमान न्यूज़

कोरिया जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने आम जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले फल विक्रेताओं के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए तीन दिनों तक जिलेभर में ताबड़तोड़ निरीक्षण किया। इस दौरान भारी मात्रा में सड़े-गले फल जब्त कर मौके पर ही नष्ट कराए गए। विभाग ने दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने और गुणवत्तापूर्ण फल बेचने की सख्त चेतावनी भी दी है।




खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के नियंत्रक दीपक अग्रवाल के निर्देश तथा कलेक्टर रोक्तिमा यादव के मार्गदर्शन में कोरिया जिले की अभिहित अधिकारी नीलम ठाकुर के नेतृत्व में 27 मई से 29 मई तक यह विशेष अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान विभागीय टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में फल दुकानों का औचक निरीक्षण किया।


अभियान की शुरुआत 27 मई को जिला मुख्यालय बैकुंठपुर से हुई, जहां 6 फल दुकानों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान बड़ी मात्रा में खराब फल पाए गए, जिन्हें तत्काल नष्ट कराया गया। इनमें 22 किलो आम, 4 किलो सेब, 14 दर्जन केले, 1 किलो संतरा और 500 ग्राम अनार शामिल थे।


कार्रवाई के दूसरे दिन 28 मई को टीम पटना पहुंची, जहां 9 फल दुकानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान दुकानदारों को सड़े एवं खराब फल नहीं बेचने तथा दुकानों में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।


तीसरे दिन 29 मई को जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में पुनः सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान 5 फल दुकानों की जांच में नियमों की अनदेखी पाए जाने पर 65 किलो तरबूज, 12 किलो आम, 1 किलो सेब, 2 दर्जन केले, 1 किलो अंगूर और 1 किलो चुकंदर सहित कुल 77 किलो से अधिक फल एवं सब्जियां नष्ट कराई गईं।


तीन दिनों की इस संयुक्त कार्रवाई में कुल 108 किलो से अधिक सड़े-गले फल एवं 6 दर्जन केले नष्ट कराए गए। अभिहित अधिकारी नीलम ठाकुर ने कहा कि गर्मी के मौसम में सड़े-गले एवं हानिकारक रसायनों से पकाए गए फल बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य से किसी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


इस कार्रवाई में नमूना सहायक प्रमोद पैकरा और निधि जायसवाल का विशेष योगदान रहा।

Tags

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !