रायपुर | स्वाभिमान न्यूज़
ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी क्रिकेट प्रतिभाओं को अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का सुनहरा अवसर मिलने जा रहा है। अखिल भारतीय ग्रामीण क्रिकेट लीग मुंबई के लिए छत्तीसगढ़ एवं उड़ीसा टीम के चयन को लेकर 15 मार्च को गढ़ कलेवा परिसर रायपुर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि ग्रामीण स्तर के नवीन एवं प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को चिन्हित कर जिला, संभाग एवं राज्य स्तरीय चयन प्रतियोगिताओं के माध्यम से टीम का गठन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी अखिल भारतीय ग्रामीण क्रिकेट लीग मुंबई में छत्तीसगढ़ एवं उड़ीसा का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतियोगिता में विजेता टीम को 5 लाख रुपये नगद पुरस्कार एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी, जबकि उपविजेता टीम को 2 लाख 50 हजार रुपये नगद एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में स्टेट इंचार्ज वरुण पाण्डेय, पंकज दास (रायपुर), रेणुका कुम्हार, सीमा धीवर, सानिया धीवर, बलौदाबाजार से रूखमणी रानू, महासमुंद से राजेश चक्रधारी, बालोद से छबीलाल साहू, मुकेश साहू, पाटन दुर्ग से खिलेश्वर पाटिल, नुवापाड़ा (उड़ीसा) से शिवकुमार राउत एवं पुरोहित लोहार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक की जानकारी राजेश चक्रधारी द्वारा दी गई। चयन प्रक्रिया की तिथियां जल्द ही घोषित की जाएंगी, जिससे ग्रामीण खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

