बागबाहरा | स्वाभिमान न्यूज़
विकासखंड के बोइरगांव-01, सेक्टर कसेकेरा में आयोजित वजन त्यौहार कार्यक्रम का एसडीएम नमिता मारकोले ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के वजन मापन की प्रक्रिया, पोषण रजिस्टर, उपस्थिति पंजी एवं अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया।
एसडीएम ने रेडी टू ईट वितरण, गरम भोजन की साफ-सफाई एवं गुणवत्ता की भी जांच की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देशित करते हुए कहा कि कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण में वजन त्यौहार जैसे कार्यक्रमों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने विशेष रूप से कम वजन एवं अति कुपोषित बच्चों की पहचान कर उनकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने, परिवारों को पोषण संबंधी जागरूकता प्रदान करने तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बच्चों को समय पर पूरक पोषण आहार, टीकाकरण एवं स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर सीडीपीओ मनीषा साहू, सुपरवाइजर रमा अग्रवाल, शाहिदा बेगम सहित संबंधित कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने तथा बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए सामूहिक प्रयास करने की आवश्यकता पर बल दिया।

