महासमुंद | स्वाभिमान न्यूज़
महासमुंद पास्टर फैलोशिप एवं क्रिश्चियन फोरम के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवारको स्थानीय प्रार्थना मंदिर चर्च, महासमुंद में अल्पसंख्यक क्रिश्चियन युवक-युवतियों के लिए एक दिवसीय जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय, भारत सरकार की माइनॉरिटी अफेयर्स एवं माइनॉरिटी एम्पावरमेंट योजनाओं के अंतर्गत आयोजित की गई।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अल्पसंख्यक समुदाय के युवाओं को केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराकर उन्हें शिक्षा, कौशल विकास एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना रहा। इस अवसर पर मास्टर ट्रेनर सुश्री ईशा टंडन एवं श्री विकास छत्तर ने भारत सरकार के निर्देशानुसार संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न छात्रवृत्ति एवं शिक्षा योजनाएं, आधारभूत संरचना विकास, प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम, नई रोशनी योजना, आर्थिक विकास से जुड़ी योजनाएं, सीखो और कमाओ, नई मंजिल, उस्ताद योजना तथा हमारी धरोहर योजना के बारे में सरल एवं व्यवहारिक तरीके से जानकारी दी गई। साथ ही इन योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया, पात्रता एवं आवश्यक दस्तावेजों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम के प्रायोजक पास्टर प्रणेश्वर बोकड़े रहे, जबकि कार्यक्रम का संचालन पास्टर फैलोशिप एवं क्रिश्चियन फोरम के अध्यक्ष अरुण जॉन ने किया। कार्यशाला में कुल 56 मसीही युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सरकारी योजनाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं।
आयोजकों ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रम अल्पसंख्यक समुदाय के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने एवं उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। प्रतिभागियों ने कार्यशाला को उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की आवश्यकता जताई।

