स्वाभिमान न्यूज़ | आंजनेय पांडेय, कैफ खान
रायगढ़। कापू थाना क्षेत्र के ग्राम ठाकुरपोड़ी दर्रापारा में मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल 82 वर्षीय बुजुर्ग महिला की उपचार के दौरान मौत हो जाने से मामला हत्या में बदल गया है। कापू पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम ठाकुरपोड़ी दर्रापारा निवासी सोनमति केरकेट्टा (82 वर्ष), पति करूं केरकेट्टा को 12 दिसंबर 2025 को गांव के ही सबीलाल केरकेट्टा द्वारा पुरानी रंजिश के चलते डंडे से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। मारपीट के दौरान महिला के सिर में गंभीर चोट आई, जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गई थी। परिजनों द्वारा उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पत्थलगांव में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 15 दिसंबर 2025 की दोपहर उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर थाना पत्थलगांव से प्राप्त बिना नंबरी मर्ग डायरी के आधार पर कापू थाना प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव द्वारा मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की गई। गवाहों के कथन, परिजनों के बयान एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टर द्वारा मृत्यु का कारण होमिसाइडल पाए जाने पर कापू पुलिस ने आरोपी सबीलाल केरकेट्टा (50 वर्ष), पिता अमरसाय केरकेट्टा, निवासी ग्राम ठाकुरपोड़ी दर्रापारा के विरुद्ध अपराध क्रमांक 228/2025 धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने ग्राम ठाकुरपोड़ी दर्रापारा में दबिश देकर आरोपी को उसके घर के सामने खेत की ओर लुकते-छिपते घूमते हुए घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके मेमोरेंडम पर घटना के समय पहने गए कपड़े एवं वारदात में प्रयुक्त बांस का डंडा जब्त किया गया।
कापू पुलिस ने आरोपी को 17 दिसंबर 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले की विवेचना जारी है।

