स्वाभिमान न्यूज़ | आंजनेय पांडेय, कैफ खान
रायगढ़। कोतवाली पुलिस ने गश्त के दौरान कार्रवाई करते हुए ग्राम लखा से लगभग 15 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब जब्त की है। मामले में एक युवक को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
मिली जानकारी अनुसार प्रधान आरक्षक सुशील मिंज एवं कांस्टेबल गोविंद पटेल द्वारा शहर क्षेत्र में गश्त की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम लखा में राहुल तिवारी द्वारा अपने घर के बगल में अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब बिक्री के लिए रखी गई है। सूचना के आधार पर गवाह समीर घोष (38 वर्ष), निवासी झोपडीपारा जुटमिल रायगढ़ एवं सूरज महतो (33 वर्ष), निवासी जुटमिल थाना के पीछे रायगढ़ को नोटिस देकर मौके पर बुलाया गया।
पुलिस टीम एवं गवाहों के साथ ग्राम लखा पहुंचकर मुखबिर सूचना का सत्यापन किया गया। वहां एक युवक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम राहुल तिवारी, पिता कोमल प्रसाद तिवारी, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम लखा रायगढ़ बताया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 10 लीटर क्षमता के सफेद प्लास्टिक जरीकेन में 8 लीटर तथा 20 लीटर क्षमता के पीले प्लास्टिक जरीकेन में 7 लीटर हाथ से बनी महुआ शराब बरामद की गई।
बरामद शराब के संबंध में आरोपी को बीएनएसएस की धारा 94 के तहत नोटिस दिया गया, जिस पर आरोपी ने लिखित में स्वीकार किया कि उसके पास शराब रखने एवं बिक्री से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज नहीं है। इसके पश्चात गवाहों के समक्ष शराब को जब्त कर ज़ब्ती पंचनामा तैयार किया गया।
आरोपी का कृत्य आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(ए) के तहत अपराध पाए जाने पर राहुल तिवारी को 17:20 बजे गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी की सूचना परिजनों को लिखित रूप में दी गई है। मामले की विवेचना जारी है।

