महासमुंद (स्वाभिमान न्यूज़) | महासमुंद जिला शतरंज संघ एवं रिवरडेल वर्ल्ड स्कूल महासमुंद के संयुक्त तत्वावधान में 13 मई को जिला स्तरीय शतरंज चयन स्पर्धा का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता रिवरडेल वर्ल्ड स्कूल, महासमुंद में आयोजित होगी, जिसमें केवल अंडर-7, अंडर-9, अंडर-11 और अंडर-13 आयु वर्ग के बालक-बालिकाएं ही भाग ले सकेंगे।
इस स्पर्धा का उद्देश्य महासमुंद जिले के होनहार खिलाड़ियों का चयन कर उन्हें राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में भेजना है। प्रत्येक आयु वर्ग से दो बालक एवं दो बालिकाओं का चयन किया जाएगा, जो 15 मई से बेमेतरा स्थित एकेडमिक वर्ल्ड स्कूल में आयोजित राज्य शतरंज स्पर्धा में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतियोगिता की मुख्य विशेषताएं
प्रतियोगिता अंतरराष्ट्रीय नियमों के तहत स्विस लीग पद्धति से खेली जाएगी, जिसमें सभी खिलाड़ियों को सभी राउंड खेलने होंगे।
दोनों खिलाड़ियों को 15-15 मिनट का समय दिया जाएगा।
टाई की स्थिति में ऑल इंडिया चेस फेडरेशन द्वारा निर्धारित टाई ब्रेक नियम लागू होंगे।
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए दर्ज शुल्क ₹300 तय किया गया है तथा पंजीयन अनिवार्य है।
पंजीयन की अंतिम तिथि 10 मई शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है। इसके बाद किसी भी खिलाड़ी को प्रतियोगिता में शामिल नहीं किया जाएगा।
पुरस्कार एवं सम्मान
सभी वर्गों में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।
तृतीय एवं चतुर्थ स्थान वालों को मोमेंटो भेंट किया जाएगा।
इसके अलावा सभी प्रतिभागियों को ई-सर्टिफिकेट एवं मेडल प्रदान किए जाएंगे।
संपर्क एवं सहयोग
इच्छुक खिलाड़ी टूर्नामेंट डायरेक्टर हेमंत खुटे एवं रिवरडेल स्कूल के स्पोर्ट्स टीचर कुनेन अहमद से संपर्क कर सकते हैं।
प्रतियोगिता के संचालन का दायित्व राष्ट्रीय निर्णायक चंदन विश्वकर्मा को सौंपा गया है।
तकनीकी सहायता हेतु खिलाड़ी जिला संघ द्वारा जारी प्रॉस्पेक्टस में दिए गए फीडे आर्बिटर रॉकी देवांगन से मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।
जिला शतरंज संघ महासमुंद के सचिव हेमंत खुटे ने बताया कि अन्य वर्गों की चयन स्पर्धाओं के लिए अलग खेल कैलेंडर भी जल्द घोषित किया जाएगा। सभी चयन स्पर्धाएं रिवरडेल वर्ल्ड स्कूल महासमुंद में ही आयोजित की जाएंगी।