महासमुंद। नगर पालिका के 2024-25 के बजट में एक ऐतिहासिक पहल के तहत प्रस्तावित ई-लाइब्रेरी को भारत के पूर्व दिवंगत प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के नाम से समर्पित करने की घोषणा की गई है। नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग ने इस अवसर पर कहा कि यह ई-लाइब्रेरी डॉ. सिंह के प्रति शहरवासियों का कृतज्ञता प्रकट करने का माध्यम बनेगी और उनकी स्मृति को सजीव रखेगी।
उन्होंने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह का जीवनकाल विद्वता, दूरदृष्टि और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण का प्रतीक है। 2004 से 2014 तक भारत के प्रधानमंत्री रहे डॉ. सिंह ने अपने नेतृत्व में देश को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। इससे पूर्व, 1991 से 1996 तक वित्त मंत्री रहते हुए उन्होंने भारत की आर्थिक नींव को सुदृढ़ किया। 1982 से 1985 तक भारतीय रिज़र्व बैंक के गवर्नर के रूप में उन्होंने वित्तीय क्षेत्र को सशक्त किया। उनके योगदान की गाथा भारतीय इतिहास में स्वर्णाक्षरों में अंकित है।
यह ई-लाइब्रेरी ज्ञान की नव्य धारा प्रवाहित करने का माध्यम बनेगी, जहां छात्रों, शोधकर्ताओं और साहित्य प्रेमियों के लिए डिजिटल संसाधन सहजता से उपलब्ध होंगे। नगर पालिका का यह प्रयास शहर के बौद्धिक विकास को गति देने और ज्ञानार्जन के प्रति प्रोत्साहन का प्रतीक है।