पिथौरा | स्वाभिमान न्यूज़
महासमुंद जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पिथौरा थाना क्षेत्र के ग्राम पीलवापाली में पुलिस ने छापेमारी कर 18 लीटर हाथ भट्ठी से बनी महुआ शराब जब्त की है। मामले में पुलिस ने गांव के 70 वर्षीय भारत साहू को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। जब्त शराब की कीमत 3,600 रुपये आंकी गई है।
मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम
पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी का जानकारी दिया कि 30 अक्टूबर 2026 को पिथौरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पीलवापाली में भारत साहू नाम का व्यक्ति अवैध रूप से हाथ भट्ठी से महुआ शराब बना रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर छापेमारी की। इस दौरान मौके पर मौजूद एक व्यक्ति से पूछताछ की गई। उसने अपना नाम भारत साहू, पिता सुखीराम साहू, उम्र 70 वर्ष, निवासी ग्राम पीलवापाली, थाना पिथौरा बताया।
दो डिब्बों में रखी मिली 18 लीटर महुआ शराब
पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से दो कंटेनरों में रखी महुआ शराब बरामद की। इनमें एक 15 लीटर क्षमता वाले प्लास्टिक डिब्बे में करीब 13 लीटर और दूसरे जरिकेन में 5 लीटर शराब रखी हुई थी। इस तरह कुल 18 लीटर हाथ भट्ठी से निर्मित महुआ शराब जब्त की गई। पुलिस ने शराब की कीमत 3,600 रुपये बताई है। जब्त शराब को विधिवत कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की गई।
आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज
मामले में आरोपी के खिलाफ थाना पिथौरा में अपराध क्रमांक 273/2026 दर्ज किया गया है। उसके विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
महासमुंद जिला पुलिस की ओर से अवैध महुआ शराब बनाने, बेचने और उसका परिवहन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान के तहत कार्रवाई जारी रहेगी। पीलवापाली में की गई यह कार्रवाई भी इसी अभियान का हिस्सा है।

