सात दिन में 699 किलो गांजा जब्त, 31 आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद |  स्वाभिमान न्यूज़ 

जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ महासमुंद पुलिस ने पिछले सात दिनों में बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन निश्चय के तहत पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 699.600 किलो गांजा जब्त किया है। पुलिस के मुताबिक जब्त गांजे की कीमत 3.50 करोड़ रुपये से ज्यादा है। इस दौरान 12 अलग-अलग मामले दर्ज कर 31 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।




पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे एक कंटेनर, एक ट्रक, चार कार और दो बाइक समेत 11 वाहन भी जब्त किए हैं। इन वाहनों की कीमत करीब 80 लाख रुपये बताई गई है।


सात दिन में लगातार होती रही कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक 18 सितंबर से 24 सितंबर तक जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में लगातार कार्रवाई की गई।

18 सितंबर को सिंघोड़ा और सरायपाली थाना क्षेत्र में दो मामलों में 46.515 किलो गांजा पकड़ा गया और चार आरोपी गिरफ्तार हुए।

19 सितंबर को बसना पुलिस ने एक मामले में 28.465 किलो गांजा जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

20 सितंबर को सांकरा और महासमुंद थाना क्षेत्र में दो मामलों में 200.250 किलो गांजा पकड़ा गया और आठ आरोपी गिरफ्तार किए गए।

21 सितंबर को सिंघोड़ा और बसना में दो मामलों में 56.760 किलो गांजा जब्त हुआ और तीन आरोपी पकड़े गए।

23 सितंबर को कोमाखान और बसना थाना क्षेत्र में दो मामलों में 212.400 किलो गांजा बरामद किया गया और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

इसके बाद 24 सितंबर को कोमाखान, सिंघोड़ा और बसना पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में 155.210 किलो गांजा जब्त कर 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया।


छत्तीसगढ़ के साथ दूसरे राज्यों के आरोपी भी




पुलिस के अनुसार, सात दिनों में दर्ज 12 एनडीपीएस मामलों में गिरफ्तार 31 आरोपियों में 9 आरोपी छत्तीसगढ़ के और 22 आरोपी दूसरे राज्यों के हैं। इससे पुलिस को गांजा तस्करी के अंतरराज्यीय नेटवर्क की जानकारी भी मिली है।


कहां-कहां दर्ज हुए मामले

सात दिनों में सबसे ज्यादा चार मामले बसना थाना क्षेत्र में दर्ज किए गए। इसके अलावा सिंघोड़ा में 3, सरायपाली में 1, महासमुंद में 1, सांकरा में 1 और कोमाखान में 2 मामले दर्ज किए गए।


सिर्फ गांजा पकड़ना नहीं, पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की तैयारी



महासमुंद पुलिस का कहना है कि कार्रवाई सिर्फ गांजा जब्त करने और आरोपियों को पकड़ने तक सीमित नहीं है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से आ रहा था, किन रास्तों से लाया जा रहा था और कहां पहुंचाया जाना था। इसके साथ ही तस्करी से जुड़े दूसरे लोगों की भूमिका भी जांची जा रही है।




पुलिस के मुताबिक, अलग-अलग थाना क्षेत्रों में लगातार हो रही कार्रवाई से गांजा तस्करी के रास्तों और नेटवर्क पर दबाव बढ़ा है। ऑपरेशन निश्चय के तहत अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !