कंटेनर में 55 लाख का गांजा, पायलटिंग कार के साथ 7 तस्कर गिरफ्तार

महासमुंद | स्वाभिमान न्यूज़

ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस ने अंतर्राज्यीय सीमा पर गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 111.350 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की कीमत करीब 55 लाख 67 हजार 500 रुपए है। कार्रवाई में उत्तरप्रदेश के तीन और ओडिशा के चार आरोपियों समेत कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है।




पुलिस के मुताबिक मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कंटेनर वाहन क्रमांक RJ 14 GV 0484 में गांजा लेकर ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर लाया जा रहा है और एक KIA Carens कार क्रमांक OD 11 AC 3003 उसकी पायलटिंग कर रही है। सूचना पर थाना सिंघोड़ा पुलिस और ANTF की संयुक्त टीम ने NH-53 पर ग्राम रेहटीखोल के पास नाकाबंदी कर दोनों वाहनों को रोक लिया।


तलाशी के दौरान कंटेनर से 111.350 किलो गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा के रेडाखोल, जिला संबलपुर से लोड कर नागपुर (महाराष्ट्र) ले जाने की बात बताई। पुलिस ने गांजा परिवहन में इस्तेमाल कंटेनर, पायलटिंग कार और आरोपियों के 9 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।


पुलिस के अनुसार जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 1 करोड़ 5 लाख 9 हजार 500 रुपए है। इसमें 55.67 लाख रुपए का गांजा, करीब 40 लाख रुपए का कंटेनर, 8.50 लाख रुपए की KIA Carens कार और करीब 92 हजार रुपए के 9 मोबाइल फोन शामिल हैं।


गिरफ्तार आरोपियों में उत्तरप्रदेश के इरफान अली, शिवम सिंह पाल और आरिफ अली कंटेनर में सवार थे, जबकि ओडिशा के सुजीत स्वाई, मानस रंजन, कृष्णचंद प्रधान और आनंद साहू पायलटिंग कार में सवार मिले। पुलिस ने सभी के खिलाफ थाना सिंघोड़ा में अपराध क्रमांक 116/2026, धारा 20(B)(II)(C), 29(1) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !