ढोढरकसा स्कूल में शिक्षकों की कमी को लेकर चक्काजाम, 1 घंटे 20 मिनट तक थमा रहा हाईवे

रिपोर्ट - ललित मुखर्जी

पिथौरा | स्वाभिमान न्यूज़

ग्राम ढोढरकसा के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षकों की कमी का मामला आखिरकार सड़क तक पहुंच गया। लंबे समय से शिक्षकों की मांग कर रहे सैकड़ों ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने बुधवार को भगतदेवरी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर चक्काजाम कर दिया। करीब 1 घंटे 20 मिनट तक चले चक्काजाम के कारण हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही और सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।



ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल में लंबे समय से शिक्षकों की कमी बनी हुई है। स्कूल में योगा, खेल, कंप्यूटर और अध्यापन कार्य सहित कुल 9 पद स्वीकृत हैं। इनमें अध्यापन कार्य के लिए 6 शिक्षकों के पद स्वीकृत हैं। लेकिन वर्तमान में केवल 2 शिक्षक ही पदस्थ हैं, जबकि इनमें से एक शिक्षक व्यवस्था पर है। ऐसे में नियमित पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। शिक्षकों की कमी का सबसे ज्यादा असर गणित, अंग्रेजी और आर्ट्स जैसे विषयों की पढ़ाई पर पड़ रहा था।


11 दिनों से स्कूल में तालाबंदी

ग्रामीणों ने बताया कि शिक्षकों की व्यवस्था की मांग को लेकर पिछले 11 दिनों से आंदोलन किया जा रहा था। ग्रामीणों ने स्कूल में तालाबंदी कर जिम्मेदार अधिकारियों से शिक्षकों की व्यवस्था करने की मांग की, लेकिन इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। करीब 33 विद्यार्थियों वाले स्कूल में शिक्षकों की व्यवस्था नहीं होने पर आखिरकार ग्रामीणों को सड़क पर उतरकर चक्काजाम करना पड़ा।




वैकल्पिक व्यवस्था के बाद खत्म हुआ आंदोलन

चक्काजाम की सूचना मिलते ही जिला शिक्षा अधिकारी बीएल देवांगन, एसडीएम बजरंग सिंह वर्मा और एसडीओपी अजीत ओगरे मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्या सुनी और शिक्षकों की व्यवस्था की गई।


जिला शिक्षा अधिकारी बीएल देवांगन ने मीडिया को बताया कि स्कूल में शिक्षकों की कमी थी। गणित विषय के व्याख्याता सहित दो शिक्षकों की वैकल्पिक व्यवस्था कर दी गई है। अब इस व्यवस्था के बाद स्कूल में कुल 4 शिक्षक उपलब्ध हो गए हैं। अधिकारियों द्वारा शिक्षकों की वैकल्पिक व्यवस्था करने के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !