शानदार प्रदर्शन कर 532.5 किलो उठाया वजन
महासमुंद। जनप्रतिनिधित्व के साथ खेल जगत में भी अपनी अलग पहचान बना रहे पिथौरा नगर पंचायत के दूसरी बार निर्वाचित पार्षद प्रेमराजन भीमा रौतिया ने 12वीं छत्तीसगढ़ राज्य पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से पिथौरा सहित पूरे महासमुंद जिले में खुशी का माहौल है।
धमतरी जिला पावर लिफ्टिंग एसोसिएशन एवं छत्तीसगढ़ स्पोर्ट्स पावर लिफ्टिंग एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में 31 जुलाई से 2 अगस्त तक धमतरी में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेशभर के खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रेमराजन भीमा रौतिया ने अपने वर्ग में कुल 532.5 किलोग्राम वजन उठाकर प्रथम स्थान हासिल किया।
उन्होंने स्क्वाट में 192.5 किलोग्राम, बेंच प्रेस में 157 किलोग्राम तथा डेडलिफ्ट में 183 किलोग्राम वजन उठाकर अपनी ताकत और तकनीकी कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें स्वर्ण पदक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्रेमराजन भीमा रौतिया सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय होने के साथ खेलों के प्रति भी समर्पित हैं। नगर पंचायत पिथौरा से लगातार दूसरी बार पार्षद चुने जाने के बाद भी उन्होंने नियमित अभ्यास जारी रखा और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर यह साबित कर दिया कि इच्छाशक्ति और अनुशासन के बल पर जनसेवा और खेल दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया जा सकता है।
उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों ने उन्हें बधाई दी है। सभी ने विश्वास जताया कि प्रेमराजन भविष्य में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगे।
प्रेमराजन रौतिया – 105 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक
ललित साहू – 120 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक
केशव साहू – 83 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक
प्रशांत बैरागी – 94 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक
विआन शर्मा – 105 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक
रायपुर जिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 'ऑल चैंपियन ऑफ चैंपियंस' का खिताब अपने नाम किया।


