समाधान शिविर में उठी गोवा ब्रांड शराब उपलब्ध कराने की मांग, मंत्री भी सुनकर मुस्कुराए

पिथौरा(स्वाभिमान न्यूज़)। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा आयोजित "सुशासन तिहार 2026" अंतर्गत समाधान शिविरों में लोगों की समस्याओं और मांगों का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को पिथौरा विकासखंड के ग्राम मुढ़ीपार में आयोजित समाधान शिविर में एक अलग ही मांग चर्चा का विषय बन गई। शिविर में आबकारी विभाग को लिखित आवेदन देकर मंदिरा दुकानों में “गोवा ब्रांड” की शराब उपलब्ध कराने की मांग की गई।



शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक डॉ. संपत अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।


इस दौरान आबकारी विभाग के अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिलेभर में विभाग को अब तक कुल दो शिकायतें प्राप्त हुई हैं और दोनों ही शिकायतों में मंदिरा दुकानों में गोवा ब्रांड की शराब उपलब्ध कराने की मांग की गई है। अधिकारी की यह बात सुनकर प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल मुस्कुरा पड़े, जिससे शिविर में मौजूद लोगों के बीच हल्की हंसी का माहौल बन गया।


हालांकि मंत्री श्री बघेल ने स्पष्ट कहा कि समाधान शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का त्वरित निराकरण किया जाएगा और किसी भी आवेदन को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि “कोई भी आवेदन कचरे के डब्बे में नहीं जाएगा।”


सुशासन तिहार के तहत आयोजित समाधान शिविरों में आमजन अपनी विभिन्न समस्याओं, मांगों और सुझावों को सीधे प्रशासन के सामने रख रहे हैं, जिनके निराकरण के लिए विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए जा रहे हैं।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !