पिथौरा (स्वाभिमान न्यूज़)। छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ के मार्गदर्शन में जिला शतरंज संघ मुंगेली द्वारा 'मुंगेली चैंपियंस ट्रॉफी' छत्तीसगढ़ राज्य ओपन शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता 9 नवम्बर से 10 नवम्बर तक चलेगी। राज्य शतरंज संघ के सचिव हेमंत खुटे ने जानकारी देते हुए बताया कि यह एक खुली स्पर्धा है, जिसमें किसी भी उम्र के खिलाड़ी 500 रुपए का प्रवेश शुल्क जमा कर ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से भाग ले सकते हैं।
यह प्रतियोगिता अंतरराष्ट्रीय नियमों के अनुसार स्विस लीग पद्धति पर आधारित होगी और 7 चक्रों में खेली जाएगी। प्रत्येक खिलाड़ी को पहली चाल में 30 सेकंड के इंक्रीमेंट के साथ 30 मिनट का समय दिया जाएगा। सभी खिलाड़ियों के लिए निशुल्क डोरमेट्री में आवास की व्यवस्था की गई है। इस स्पर्धा में कुल 55,000 रुपए की नकद राशि पुरस्कार स्वरूप दी जाएगी। प्रतियोगिता में 4 ट्रॉफी के साथ 27 मोमेंटो भी विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित अतिथियों द्वारा प्रदान किए जाएंगे।
स्पर्धा का उदघाटन समारोह 9 नवम्बर को सुबह 10:30 बजे होगा, जबकि पुरस्कार वितरण कार्यक्रम 10 नवम्बर को शाम 5 बजे संपन्न होगा।
पुरस्कार की राशि इस प्रकार है:
- पहला स्थान: ₹7000 व ट्रॉफी
- दूसरा स्थान: ₹5000 व ट्रॉफी
- तीसरा स्थान: ₹3000 व ट्रॉफी
- चौथा स्थान: ₹2500 व ट्रॉफी
- पांचवा स्थान: ₹2000
- छठवां स्थान: ₹1500
- सातवां स्थान: ₹1200
- आठवें से दसवें स्थान तक: ₹1000
- ग्यारहवें से पंद्रहवें स्थान तक: ₹700
- सोलहवें से बीसवें स्थान तक: ₹500
मुख्य पुरस्कारों के अलावा विभिन्न श्रेणियों में भी पुरस्कार रखे गए हैं। इनमें बेस्ट महिला खिलाड़ी, बेस्ट सरगुजा संभाग खिलाड़ी, बेस्ट मिनी खिलाड़ी (11 वर्ष से कम), बेस्ट मिनी खिलाड़ी (8 वर्ष से कम), बेस्ट वेटरन खिलाड़ी, बेस्ट जूनियर खिलाड़ी, बेस्ट बस्तर संभाग खिलाड़ी, बेस्ट दिव्यांग खिलाड़ी, और बेस्ट मुंगेली खिलाड़ी शामिल हैं। इन श्रेणियों के प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को क्रमशः ₹1000, ₹700, व ₹500 की नकद राशि व मोमेंटो से सम्मानित किया जाएगा।
प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ी राज्य शतरंज संघ के सचिव हेमंत खुटे से +91 99262 74195 पर संपर्क कर सकते हैं।