संवाददाता: आँजनेय पांडेय, 91317 22330
रायगढ़ (स्वाभिमान न्यूज़)। पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग कुमार पटेल के मार्गदर्शन में, थाना प्रभारी धरमजयगढ़ निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर के नेतृत्व में आज ग्राम गेरसा में पुलिस जन चौपाल का आयोजन किया गया। इस चौपाल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को विभिन्न अपराधों से बचाव और जागरूकता फैलाना था।
चौपाल में थाना प्रभारी ने साइबर क्राइम, महिला संबंधी अपराध, पाक्सो एक्ट, और विधिक सहायता के बारे में जानकारी दी। साइबर क्राइम के बढ़ते मामलों पर विशेष जोर देते हुए ग्रामीणों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए गए। महिलाओं की सुरक्षा और बच्चों के यौन शोषण से संबंधित कानूनी प्रावधानों की भी जानकारी दी गई।
थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को मुफ्त विधिक सहायता सेवाओं के महत्व के बारे में बताया और NALSA एवं DLSA जैसी संस्थाओं की जानकारी दी, जो आर्थिक और सामाजिक रूप से पिछड़े लोगों को मुफ्त कानूनी सहायता प्रदान करती हैं। उन्होंने ग्रामीणों को नशा मुक्ति के लिए प्रेरित किया और नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला। साथ ही, महिलाओं को संगठित करने के लिए महिला समितियों का गठन करने का सुझाव दिया।
इस जागरूकता कार्यक्रम में थाना प्रभारी और उनके स्टाफ ने सक्रिय भूमिका निभाई और ग्रामीणों को अपराध और नशे से मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित किया।