महासमुंद | स्वाभिमान न्यूज़
अपनी लंबित मांगों को लेकर जिले के पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल लगातार जारी है। प्रांतीय पटवारी संघ छत्तीसगढ़ के आह्वान पर जिले के पटवारी 13 अक्टूबर से हड़ताल पर हैं। हड़ताल के 16 दिन बीत जाने के बाद भी मांगों पर कार्रवाई नहीं होने से पटवारियों में नाराजगी है। इसी के विरोध में राजस्व पटवारी संघ जिला महासमुंद द्वारा बुधवार, 28 अक्टूबर को जिला मुख्यालय में विशाल आक्रोश रैली निकाली जाएगी।
संघ के अनुसार, रैली दोपहर 2 बजे धरना स्थल से शुरू होगी। इसके बाद रैली कचहरी चौक और बरौंडा चौक होते हुए कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचेगी। यहां रैली के समापन पर मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन के नाम कलेक्टर महासमुंद को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया जाएगा।
इन मांगों को लेकर आंदोलन
पटवारी संघ लंबे समय से अपनी विभिन्न मांगों के समाधान की मांग कर रहा है। इनमें पीवी ऐप (PV App) में आ रही विसंगतियों और खामियों को दूर करना, वेतन विसंगति का निराकरण करना और पटवारियों की पदोन्नति प्रक्रिया समय पर पूरी करना प्रमुख रूप से शामिल है। इसके अलावा संघ की अन्य लंबित और न्यायसंगत मांगें भी हैं।
मांगों पर कार्रवाई नहीं होने से नाराजगी
संघ का कहना है कि 13 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहने के बावजूद अब तक उनकी मांगों पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया है। इसी के विरोध में जिला मुख्यालय में रैली निकालकर शासन-प्रशासन तक अपनी बात पहुंचाई जाएगी। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि रैली शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से आयोजित की जाएगी। रैली के माध्यम से पटवारी अपनी मांगों के निराकरण के लिए शासन से पहल करने की मांग करेंगे।

.jpg)