नरसैयापल्लम और बम्हनी धान खरीदी केंद्र में 2.84 करोड़ की बोगस धान खरीदी, कलेक्टर से शिकायत

ललित मुखर्जी | स्वाभिमान न्यूज़ 

महासमुंद जिले के पिथौरा विकासखंड के पिरदा शाखा अंतर्गत प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति आरंगी के अधीन संचालित धान खरीदी केंद्र नरसैयापल्लम एवं बम्हनी में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान बड़े पैमाने पर बोगस धान खरीदी और करोड़ों रुपये के भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। पूरे मामले की शिकायत  कलेक्टर महासमुंद से कर दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है।




मिली जानकारी अनुसार धान खरीदी केंद्र नरसैयापल्लम में 4805 क्विंटल धान की कमी पाई गई है, जिसकी समर्थन मूल्य राशि लगभग 1 करोड़ 48 लाख 95 हजार 500 रुपये है। वहीं धान खरीदी केंद्र बम्हनी में 4375 क्विंटल धान कम पाया गया है, जिसकी शासकीय कीमत 1 करोड़ 35 लाख 62 हजार 500 रुपये है। इस प्रकार दोनों केंद्रों में कुल 9180 क्विंटल धान की बोगस खरीदी कर लगभग 2 करोड़ 84 लाख 58 हजार रुपये की भारी अनियमितता किए जाने का आरोप लगाया गया है।



शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि खरीफ वर्ष 2025-26 में नरसैयापल्लम एवं बम्हनी धान खरीदी केंद्र के प्राधिकृत अधिकारी, समिति प्रबंधक, धान खरीदी प्रभारी, कम्प्यूटर ऑपरेटर, बारदाना प्रभारी सहित अन्य कर्मचारियों ने आपसी मिलीभगत कर सुनियोजित तरीके से भ्रष्टाचार को अंजाम दिया है। उन्होंने कहा कि आज पर्यन्त तक दोनों केंद्रों में करोड़ों रुपये मूल्य के धान की कमी बनी हुई है।


डिप्टी कलेक्टर की निगरानी के बावजूद करोड़ो का भ्रष्टाचार

गौरतलब है कि इस वर्ष पिरदा शाखा में धान खरीदी में गड़बड़ी रोकने के उद्देश्य से कलेक्टर विनय कुमार लंगेह द्वारा डिप्टी कलेक्टर तेजपाल सिंह को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया था, ताकि उनकी निगरानी में पारदर्शी ढंग से धान खरीदी हो सके। बावजूद इसके, अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा कथित रूप से शातिराना तरीके से बोगस खरीदी कर करोड़ों रुपये का भ्रष्टाचार किए जाने की चर्चा क्षेत्र में जोरों पर है।


मामले के चर्चा के दौरान कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कहा कि जल्द ही जांच टीम गठित कर पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी। दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।


जाँच की जाएगी 

धान परिवहन कराने का नोटिस दिया गया था, किंतु धान की कमी के कारण परिवहन नहीं हो पाया है। मामले की जांच की जाएगी।

— उषत प्रधान, शाखा प्रबंधक पिरदा

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !