महासमुंद, 29 नवंबर 2024: आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना ने देश के गरीब और आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग के परिवारों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं का एक सशक्त साधन साबित हो रही है। इस योजना के तहत, भारत सरकार गरीब परिवारों को सालाना 5 लाख रुपये का बीमा कवर प्रदान करती है, जिससे वे चिकित्सा खर्चों का बोझ सहन करने में सक्षम होते हैं।
महासमुंद जिले के ग्राम बेलसोंडा के निवासी प्रकाश यादव के लिए आयुष्मान भारत योजना किसी वरदान से कम नहीं रही। उनकी नवजात बच्ची पलक का जन्म 14 सितंबर 2023 को रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में समय से पहले हुआ, जिससे उसकी स्थिति गंभीर हो गई। डॉक्टरों ने तुरंत गहन चिकित्सा की सलाह दी और उसे रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बच्ची का इलाज लगभग 45 दिनों तक चला और इसका कुल खर्च 2.75 लाख रुपये तक पहुंच गया।
प्रकाश यादव, जो एक गरीब किसान हैं और कृषि मजदूरी पर निर्भर हैं, के लिए इतनी बड़ी राशि जुटाना असंभव था। लेकिन आयुष्मान भारत योजना के तहत उन्हें अपनी बेटी पलक का इलाज मुफ्त में उपलब्ध हुआ। योजना की मदद से पलक को नया जीवन मिला और आर्थिक संकट से भी उबरने में उनका परिवार सक्षम हुआ।
प्रकाश यादव ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, "आयुष्मान भारत योजना के बिना मेरी बच्ची का इलाज संभव नहीं था। इस योजना ने हमें जीवनदान दिया है। मैं प्रधानमंत्री जी और छत्तीसगढ़ सरकार का तहेदिल से धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने गरीब परिवारों के लिए इतनी बड़ी सुविधा दी है।"
आयुष्मान भारत योजना की सफलता और इसके दूरगामी प्रभावों का यह उदाहरण है। प्रकाश यादव का परिवार अब इस योजना के लाभों को साझा कर अन्य लोगों को भी इसके फायदे उठाने के लिए प्रेरित कर रहा है।